- खल्लारी में प्रबंधन समिति के सदस्यों को बैंक खाता संचालन एवं वन प्रबंधन की दी जानकारी
महासमुंद, संतन दास मानिकपुरी रिपोर्टर 11 जुलाई 2026/ वन अधिकार अधिनियम के तहत मान्यता प्राप्त सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण एवं सतत विकास को बढ़ावा देने एफआरए सेल के एमआईएस सहायक श्री लिलेश साहू ने गुरुवार को विकासखंड खल्लारी के ग्राम खल्लारी में सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने समिति के सदस्यों को सामुदायिक वन संसाधन क्षेत्र के प्रभावी प्रबंधन, मृदा संरक्षण, वृक्षारोपण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से संबंधित जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सामुदायिक वन संसाधनों का संरक्षण ग्राम सभा की सहभागिता से किया जाना आवश्यक है। इसके लिए नियमित वृक्षारोपण, मृदा एवं जल संरक्षण के कार्य तथा वन क्षेत्र के सतत प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। साथ ही समिति के नाम से बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया एवं इसके महत्व की भी विस्तार से जानकारी दी गई।
सहायक आयुक्त आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग श्रीमती शिल्पा साय ने बताया कि जिले में जिन सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समितियों की प्रबंधन योजना जिला कार्यालय द्वारा चयनित की जाएगी, उन संबंधित ग्राम सभाओं को आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा सामुदायिक वन संसाधन क्षेत्र के संपोषणीय विकास हेतु 50 हजार रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण, संवर्धन, वृक्षारोपण, मृदा एवं जल संरक्षण तथा अन्य विकासात्मक गतिविधियों में किया जाएगा।






