भाटापारा (मोहन तिवारी)दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मध्य रेलवे जोन अंतर्गत भाटापारा रेलवे स्टेशन रेलवे को कीर्तिमान आय दे रहा है। उसके बावजूद स्टेशन में प्रमुख यात्री ट्रेनों का स्टॉपेज एक लंबे समय से नहीं दिया गया है। पिछले सात वर्षों में एक भी ट्रेन का स्टॉपेज भाटापारा को नहीं मिला है जबकि इस बीच तत्कालीन सासंद सुनील सोनी से लेकर बृजमोहन अग्रवाल तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे है।
जबकि रेल प्रशासन द्वारा भाटापारा से कम आय देने वाले अनेक दूसरे स्टेशनों में महत्वपूर्ण ट्रेनों का स्टॉपेज लगातार दिया जा रहा है। इस कड़ी में डोंगरगढ़ जैसे छोटे स्टेशन में वंदे भारत एक्सप्रेस का स्टॉपेज उस क्षेत्र के सांसद की पहल से दे दिया गया है।
इसी तरह खरसिया जैसे छोटे स्टेशन में वहां के नेताओं की महत्वपूर्ण पहल पर कामाख्या एक्सप्रेस का स्टॉपेज दिया गया है लेकिन सात विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व वाले भाटापारा स्टेशन में गीतांजली एक्सप्रेस, बिलासपुर चेन्नई एक्सप्रेस, बिलासपुर नागपुर वंदेभारत एक्सप्रेस, बिलासपुर हांपा एक्सप्रेस, सुरत, दरभंगा एक्सप्रेस के अलावा हावड़ा शिरडी एक्सप्रेस का भाटापारा ठहराव देने की मांग एक लंबे समय से क्षेत्र के व्यापारी व अन्य सामाजिक संगठनों के अलावा क्षेत्रीय नागरिक कर रहे हैं। लेकिन उपरोक्त महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव स्वीकृत कराने के प्रति क्षेत्रीय सांसद गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहे हैं जिससे लोगों में नाराजगी व्याप्त है। जनहित में भाटापारा स्टेशन में कम से कम 6 जोड़ी महत्वपूर्ण ट्रेनों का प्राथमिकता से स्टॉपेज जरूरी है।






