- कलेक्टर ने कहा- शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बेलखुरी के सचिव को मिला अतिरिक्त प्रभार
मुंगेली(संदीप-यादव)मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन की सख्ती एक बार फिर सामने आई है। पथरिया ब्लॉक के ग्राम सिलदहा में सीसी रोड निर्माण और जल निकासी में बरती गई लापरवाही पर कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया है।
सिलदहा गांव के मनोज वर्मा और अजय राजपूत ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी कि गांव में स्वीकृत सीसी रोड का काम नहीं हुआ है। साथ ही जल निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण बारिश में सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी होती है।
शिकायत मिलते ही कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने तुरंत जांच कराई। जांच के बाद पंचायत सचिव भूपत राजपूत को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। जांच में सामने आया कि राशि स्वीकृत होने के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया और अधिकारियों के निर्देशों को लगातार नजरअंदाज किया गया।
जिला सीईओ गोकुल रावते ने जांच रिपोर्ट के आधार पर पाया कि सचिव द्वारा छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा नियम 1999 का उल्लंघन किया गया है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत पथरिया रहेगा और नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्राम पंचायत बेलखुरी के पंचायत सचिव खांडेराम जांगड़े को ग्राम पंचायत सिलदहा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इस संबंध में कलेक्टर ने कहा कि “शिकायतों का समय पर निराकरण करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”






