बिलासपुर/सीपत (कमलकांत पाटनवार):- जिले के सीपत थाना क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। सीपत पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के सभी जेवर शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य कुमार लहरे पिता अश्वनी लहरे उम्र 22 वर्ष और जावेद अली पिता सहबान अली उम्र 25 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम खम्हरिया थाना सीपत जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की शुरुआत तब हुई जब ग्राम खम्हरिया निवासी सुंदर लाल मैत्री पिता स्वर्गीय बिहारी लाल मैत्री ने सीपत थाना पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि 11 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5.10 बजे वह अपनी पत्नी के साथ रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए ग्राम सोंठी रोड की ओर गए थे। करीब 6 बजे जब वे वापस घर पहुंचे तो देखा कि घर के सामने का ताला टूटा हुआ था और पीछे का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर आलमारी का लॉकर टूटा मिला और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। चोर घर से सोने का रानी हार, एक सेट हार, सोने की चूड़ियां, अंगूठी, दो सोने की चैन, कान के टॉप्स, सोने की माला, झुमके सहित अन्य आभूषण और चांदी की पायल, बिछिया व सिक्के लेकर फरार हो गए थे। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल की जांच के लिए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बीट आरक्षकों से मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आदित्य कुमार लहरे और जावेद अली पर संदेह हुआ। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रार्थी के घर के आसपास ही रहते थे और उन्हें परिवार की दिनचर्या की जानकारी थी। उन्होंने पहले घर की रेकी की थी और यह पता लगाया था कि परिवार किस समय मॉर्निंग वॉक के लिए बाहर जाता है।
घटना वाले दिन जैसे ही सुंदर लाल मैत्री अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकले, दोनों आरोपी घर के पीछे के दरवाजे से अंदर घुसे और ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। आरोपियों ने बताया कि पकड़े जाने के डर से उन्होंने चोरी के जेवर को एक पुराने निर्माणाधीन मकान में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वहां से चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए। बरामद सामान में 222.39 ग्राम सोने के जेवर और 239.37 ग्राम चांदी के जेवर शामिल हैं।
इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड भी पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शत-प्रतिशत माल बरामद करने वाली टीम की सराहना की है। उन्होंने टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की है। सीपत पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।












