भाटापारा| पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला सुरखी में पदस्थ प्रधान पाठक डॉ. इन्द्राणी साहू का चयन राज्य शिक्षक सम्मान के लिए हुआ है। घोषणा 5 सितंबर को रायपुर के लोकभवन में शिक्षक दिवस कार्यक्रम में की गई। कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री मौजूद रहे। यह राजकीय सम्मान हर साल हर जिले से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाले 2 शिक्षकों को दिया जाता है। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा विकासखंड की पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला सुरखी में पदस्थ डॉ. इन्द्राणी साहू का चयन नवाचारी गतिविधियों, विशिष्ट साहित्यिक अवदान, शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए किया गया है। वे विद्यालयीन क्रियाकलापों में नवाचारी, रचनात्मक गतिविधियां जोड़ती हैं। छात्रों के लिए हिंदी, छत्तीसगढ़ी दोनों भाषाओं में बाल साहित्य लेखन में सक्रिय हैं। डॉ. साहू ने अब तक 2 बाल साहित्य की किताबें लिखी हैं। 6 अन्य किताबें वैदिक छन्दों पर आधारित हैं। शिक्षा के लिए बहुउपयोगी छंदबद्ध हिंदी व्याकरण का लेखन, संपादन भी कर चुकी हैं। साहित्यिक अवदान के लिए 7 बार गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में उनका नाम दर्ज हुआ है। शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ ने उन्हें 2017-18 में मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण शिक्षादूत सम्मान से सम्मानित किया था। राज्य शिक्षक सम्मान 2026-27 के लिए चयन के बाद शिक्षा, साहित्य जगत में हर्ष है। जिला शिक्षा अधिकारी मेरावी सर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी भास्कर देवांगन, एबीओ नेताम, बीआरसीसी दुर्गेश शर्मा, संकुल समन्वयक राजेश शर्मा, संकुल प्रभारी प्राचार्य दर्शन सिंह ठाकुर, दुर्गा प्रसाद साहू आदि ने बधाई दी है।








