सूरजपुर।छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में दीपावली के त्योहार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब क्षेत्र में आतंक का पर्याय बन चुके ‘कबरा’ हाथी ने एक ही रात में दो अलग-अलग स्थानों पर हमला कर दो लोगों की जान ले ली। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे सूरजपुर वन परिक्षेत्र और प्रतापपुर इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पिछले छह महीनों के भीतर अकेले इस हाथी के हमलों में मरने वालों का कुल आंकड़ा अब बढ़कर 14 हो गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
खेत में रखवाली कर रहे किसान और ग्रामीण बने शिकार
दीपावली की रात हुई पहली घटना सूरजपुर वन परिक्षेत्र के सोनपुर सुगांव की है, जहां 36 वर्षीय किसान मोहन लाल कंवर उर्फ मट्टू अपने खेत में लगी धान की फसल की रखवाली करने गए थे। इसी दौरान देर रात कबरा हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया और मौके पर ही उन्हें कुचलकर मार डाला। वहीं दूसरी घटना प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के श्यामनगर (सकलपुर) गांव में घटित हुई, जहां 51 वर्षीय कृष्णा राजवाड़े अपने एक साथी के साथ जा रहे थे, तभी वे इस आदमखोर प्रवृत्ति के हाथी के सामने आ गए। हाथी ने कृष्णा को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उनकी भी मौत हो गई, जबकि उनके साथी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
वन विभाग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
लगातार हो रही इन मौतों के कारण वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कबरा हाथी लगातार रिहायशी इलाकों और खेतों के आसपास देखा जा रहा था, लेकिन वन अमला इसकी सटीक ट्रैकिंग और सुरक्षा निगरानी करने में पूरी तरह नाकाम रहा। आक्रोशित ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि इस खतरनाक हाथी को तत्काल ट्रैंकुलाइज (बेहोश) कर रेस्क्यू सेंटर या किसी सुरक्षित बाड़े में शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में और मासूमों की जान न जाए।
कैबिनेट मंत्री ने दिया मदद और रेस्क्यू का आश्वासन
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र की स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से हरसंभव मुआवजे व सहायता राशि प्रदान करने का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही मंत्री ने वन विभाग के आला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कबरा हाथी को काबू में करने के लिए तुरंत विशेष रेस्क्यू टीम तैनात की जाए और रेडियो कॉलर आईडी के जरिए इसकी गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाए।












