तकनीकी संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की पहल की दी गई जानकारी
भाटापारा। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के तकनीकी संस्थानों में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की इस पहल के उद्देश्य और इसमें भाग लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर निर्धारित की गई है। पंजीयन की प्रक्रिया 23 सितंबर से शुरू हो चुकी है।
जागरूकता कार्यक्रम शासकीय पॉलिटेक्निक भाटापारा सहित जिले के विभिन्न शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में आयोजित किए गए। इनमें देवरी, भाटापारा, सकरी, पलारी, असनींद, कसडोल, सिमगा और हथबंद के संस्थान शामिल रहे।
कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को नवाचार और नए विचारों को प्रोत्साहित करने वाली इस राष्ट्रीय स्तर की पहल से अवगत कराया गया। इसका उद्देश्य तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को नवाचार के अवसरों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की ओर से विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन कराने की जानकारी दी गई। इच्छुक विद्यार्थियों को 17 अक्टूबर तक पंजीयन प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा गया है।






