31 वार्डों में सड़क-नाली निर्माण को मिलेगी गति
15वें वित्त आयोग के तहत संचालनालय ने दी अनुमति, 300 आउटडोर वेस्ट बिन और मिनी एक्सकेवेटर मशीन से मजबूत होगी स्वच्छता व्यवस्था
भाटापारा। नगर पालिका परिषद भाटापारा के विकास कार्यों को गति देने के लिए 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत लगभग 5 करोड़ 87 लाख रुपये के विकास एवं स्वच्छता संबंधी प्रस्तावों को संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ ने अनुमति प्रदान की है। इसके तहत शहर के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड, आरसीसी नाली, पुलिया निर्माण और सड़क मरम्मत जैसे कार्य कराए जाएंगे। वहीं, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 300 आउटडोर वेस्ट बिन और एक मिनी एक्सकेवेटर मशीन की व्यवस्था भी की जाएगी।
जारी स्वीकृति आदेश के अनुसार, अनटाइड ग्रांट के अंतर्गत 4 करोड़ 50 लाख 69 हजार रुपये तथा टाइड ग्रांट के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन घटक के अंतर्गत 1 करोड़ 36 लाख 44 हजार रुपये के प्रस्तावों को अनुमति मिली है। इस प्रकार कुल 5 करोड़ 87 लाख 13 हजार रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई है।
शहर के विभिन्न वार्डों में होंगे निर्माण कार्य
योजना के अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़कों और नालियों से संबंधित कार्य प्रस्तावित हैं। हथनीपारा, शक्ति, नयापारा, परशुराम, गांधी मंदिर, शंकर, सदर, संजय, नेहरू, नयागंज, भगत सिंह, महासती, संत माता कर्मा, बलभद्र, गुरु नानक, संत रविदास, रामसागर, शहीद वीर नारायण सिंह, लाल बहादुर शास्त्री, माता देवालय, बजरंग, स्टेशन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, संत कंवरराम और शहीद हेमू कल्याणी सहित विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
इन कार्यों से मोहल्लों की आंतरिक सड़कों की स्थिति में सुधार, नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाने और जल निकासी की समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी। सीसी रोड, आरसीसी नाली, पुलिया निर्माण और सड़क मरम्मत से शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
300 वेस्ट बिन और मिनी एक्सकेवेटर से सुधरेगी सफाई व्यवस्था
शहर में स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत 300 आउटडोर वेस्ट बिन और एक मिनी एक्सकेवेटर मशीन की व्यवस्था को भी अनुमति दी गई है। सार्वजनिक स्थलों पर वेस्ट बिन स्थापित होने से कचरा संग्रहण को व्यवस्थित करने में सहायता मिलेगी। वहीं, मिनी एक्सकेवेटर मशीन उपलब्ध होने से सफाई और संबंधित कार्यों में नगर पालिका की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
जनसुविधाओं का विस्तार हमारी प्राथमिकता : अश्वनी शर्मा
नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शहर का विकास केवल सड़कों और नालियों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और भाटापारा को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित नगर बनाना परिषद का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत लगभग 5.87 करोड़ रुपये के विकास एवं स्वच्छता संबंधी प्रस्तावों को मिली अनुमति शहर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नगर पालिका परिषद का प्रयास है कि विकास कार्यों का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे और वार्डों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर दिखाई दें और आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासोन्मुखी दृष्टिकोण तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में नगरीय सुविधाओं को सुदृढ़ करने के प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य शासन और नगरीय प्रशासन विभाग के सहयोग से भाटापारा में भी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिल रही है।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।
गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ होंगे कार्य
संचालनालय से मिली अनुमति के बाद संबंधित विकास कार्य निर्धारित तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं, शासन के दिशा-निर्देशों और उपलब्ध वित्तीय प्रावधानों के अनुरूप संपादित किए जाएंगे। नगर पालिका परिषद का लक्ष्य विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए नागरिकों को बेहतर सड़क, नाली, जल निकासी और स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
लगभग 5.87 करोड़ रुपये के इन प्रस्तावों को मिली अनुमति से भाटापारा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है।






