स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल पतरा टोली में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

जशपुर (अभिनाथ चौहान)पतरा टोली। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, पतरा टोली में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में आदरणीया सरपंच श्रीमती शांति देवी, वार्ड पंच, आदरणीया बीडीसी श्रीमती पुष्पा मैम एवं आदरणीय वेटरनरी डॉक्टर श्री आर. जे. यादव सहित शिक्षकगण, पालकगण, ग्रामीणजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ गरिमामय ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा तिरंगा यात्रा एवं रैली निकाली गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह में विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे परिधानों में मनमोहक नृत्य, देशभक्ति गीत, फैशन शो एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से प्रसन्न होकर सम्माननीय अतिथियों द्वारा उनके उत्साहवर्धन एवं प्रोत्साहन के लिए राशि भी प्रदान की गई।

इस अवसर पर आदरणीया बीडीसी श्रीमती पुष्पा मैम ने लिंग-भेदभाव समाप्त कर बच्चों में समानता एवं जागरूकता विकसित करने पर जोर दिया। आदरणीया सरपंच श्रीमती शांति देवी ने स्वतंत्रता संग्राम के महान नेताओं के संघर्ष एवं बलिदान को याद करते हुए बच्चों में देशभक्ति एवं जागरूकता की भावना विकसित करने का संदेश दिया। वहीं आदरणीय श्री आर. जे. यादव ने विद्यालय परिवार को शानदार आयोजन एवं बेहतर व्यवस्था के लिए बधाई देते हुए विद्यालय का नाम जिला एवं राज्य स्तर तक रोशन करने की शुभकामनाएँ दीं तथा शिक्षकों को इसी तरह मेहनत करते रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई। संस्था प्रमुख श्रीमती मारिया गोरेटी केरकेट्टा मैडम ने सभी अतिथियों, पालकों, ग्रामीणजनों, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया।

वहीं प्रधान पाठक माध्यमिक खंड कुमारी मेघा गुप्ता ने सभी सम्माननीय अतिथियों एवं पालकों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की तथा बच्चों को अनुशासन, संस्कार और देशप्रेम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर आदरणीय वाइस प्रिंसिपल श्री एक्का सर, प्रधान पाठक प्राथमिक खंड श्रीमती पुष्पा मिश्रा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। विद्यालय में आयोजित यह स्वतंत्रता दिवस समारोह देशप्रेम, एकता, अनुशासन एवं उत्साह का संदेश देते हुए हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Hot Topics

Related Articles