युवराज सिन्हा*गरियाबंद,*- छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने के संकल्प के साथ राज्य पुलिस द्वारा एक विशेष ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। 15 अगस्त से 22 अगस्त तक प्रथम सप्ताह के तहत आज गरियाबंद पुलिस ने जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इस अभियान के दौरान गरियाबंद पुलिस की टीम ने छात्रों, शिक्षकों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचने के तरीके सिखाए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डिजिटल तकनीक और सेल्फी का अनूठा मेल रहा। पुलिस द्वारा कार्यक्रम स्थलों पर विशेष QR कोड उपलब्ध कराए गए हैं। उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे इस QR कोड को स्कैन करें और अपनी सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करे |
गरियाबंद पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि इस डिजिटल पहल का उद्देश्य युवाओं और पर्यटकों को खेल-खेल में साइबर सुरक्षा के प्रति सचेत करना है। सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा शेयर की जा रही सेल्फी से यह संदेश तेजी से अन्य नागरिकों तक भी पहुंच रहा है। पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें और साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। छत्तीसगढ़ पुलिस का यह विशेष अभियान पूरे जिले को सुरक्षित डिजिटल वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।














