बोलने वाली राखियां बनीं आकर्षण बाजार में

भाटापारा ,रक्षाबंधन में अब महज एक सप्ताह का समय शेष है। त्योहार नजदीक आते ही भाटापारा का राखी बाजार रंग-बिरंगी राखियों से सज गया है। थोक विक्रेताओं के यहां राखियों की अधिकांश खेप बिक चुकी है, जबकि बाजार में नई-नई वैरायटी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। इस बार बोलने वाली राखियां खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बोलने वाली राखी भाई की कलाई पर बांधते ही रिकॉर्ड की गई आवाज में गीत बजाती है।

कुछ राखियों में ‘भैया मेरे, राखी के बंधन को निभाना’ गीत बजता है, जबकि कुछ में राखी बांधने के साथ आरती भी शुरू हो जाती है। इनकी कीमत करीब 75 से 100 रुपए तक है। बच्चों और युवतियों में इन राखियों की विशेष मांग देखी जा रही है।

बाजार में सामान्य डोर वाली राखियां 2 से 50 रुपए तक उपलब्ध हैं। इसके अलावा ब्रेसलेट राखी, चांदी की डोर, चांदी की राखी, रेशम और सोने की डोर तथा सोने की राखियां भी बिक रही हैं। महंगी राखियों की ओर ग्राहकों का रुझान अधिक है। विक्रेताओं के अनुसार इस बार मोली राखी और सिल्वर पैटर्न राखियां भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

राखी विक्रेता बिहारी जोशी ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के कारण राखियों के दाम में करीब 10 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। बाजार में 1 रुपए से लेकर 450 रुपए तक की राखियां उपलब्ध हैं। बच्चों की राखियों की मांग बढ़ी है, लेकिन फिलहाल ग्राहकी सुस्त है। उन्होंने बताया कि बाजार में पहले की अपेक्षा दुकानों की संख्या बढ़ी है। वहीं ऑनलाइन खरीदारी के कारण छोटे और चिल्हर दुकानदारों को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदार अब रक्षाबंधन से पहले बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।

Hot Topics

Related Articles