खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम टेकापार खुर्द में शनिवार को एक महिला ने खुद को आग के हवाले कर दिया। आग में झुलसने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान 30 वर्षीय अंजू बघेल के रूप में हुई है। अंजू बघेल ने कथित तौर पर घर के बाथरूम में मिट्टी तेल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। बताया गया कि उसका पति अजय बघेल, सास-ससुर और देवर सूरज खेत गए हुए थे।
ऐसे हुआ खुलासा
देवर सूरज जब खेत से खाना लेने घर पहुंचा, तो उसे बाथरूम से धुआं निकलता दिखाई दिया। उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी। इसके बाद बाथरूम का दरवाजा तोड़कर महिला को बाहर निकाला गया।
अस्पताल में हुई मौत
गंभीर रूप से झुलसी महिला को 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण परिजन उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।














