27 तक रुक-रुककर बारिश के आसार

बलौदाबाजार भाटापारा ,जिले में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। रविवार को बलौदाबाजार शहर सहित आसपास के इलाकों में दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। कई क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना रहा, हालांकि उमस का असर भी महसूस किया गया।

मौसम विभाग से जुड़े पूर्वानुमानों के मुताबिक जिले में अगले चार-पांच दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 23 अगस्त को बलौदाबाजार क्षेत्र में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में नमी अधिक होने के कारण दिन में उमस बनी रह सकती है। इसके बीच स्थानीय स्तर पर बादलों के विकसित होने से अचानक बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनने की संभावना भी जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 24 अगस्त को भी जिले में बारिश के आसार हैं। इसके बाद 25 से 27 अगस्त के बीच भी बादल छाए रहने और अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम के इस बदलाव का असर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में बारिश कम तो कुछ स्थानों पर अपेक्षाकृत अधिक हो सकती है। लगातार नमी बने रहने से स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है।

बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी: मौसम विशेषज्ञ डॉ. एनपी. थॉमस के अनुसार फिलहाल मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हैं। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण मध्य छत्तीसगढ़ में बादल बनने और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। बलौदाबाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रह सकता है।

 

स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। मानसून की सक्रियता खेती-किसानी के लिहाज से राहत लेकर आई है। खेतों में पहले से बनी नमी के बीच बारिश होने से धान सहित अन्य खरीफ फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है। खासकर धान की फसल के लिए इस समय पर्याप्त नमी जरूरी है। हालांकि जिन खेतों और निचले इलाकों में पानी की निकासी की व्यवस्था बेहतर नहीं है, वहां लगातार बारिश होने पर जलभराव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत है।

Hot Topics

Related Articles