2 लाख के जेवर सहित प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार
बिलासपुर/सीपत (कमलकांत पाटनवार):- बीट आरक्षकों की सूचना पर सीपत पुलिस ने सूने मकान में चोरी करने वाले युवक और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 2 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकद रकम बरामद की गई है। पुलिस ने चोरी का शत-प्रतिशत माल जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

सीपत टीआई राजेश मिश्रा ने बताया कि दर्राभाठा निवासी सनत कुमार रात्रे पिता स्व. हीरालाल रात्रे 24 अगस्त को सुबह 8 बजे काम करने के लिए एनटीपीसी सीपत चले गए थे। उनकी पत्नी सविता देवी रात्रे सुबह 8.30 बजे घर में ताला लगाकर खेत में काम करने चली गई थीं। करीब पौने 12 बजे घर लौटने पर उन्हें मकान का दरवाजा खुला मिला। जांच करने पर आलमारी के लॉकर से करीब 2 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपए नकद गायब मिले।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू की। टीआई श्री मिश्रा ने गांव के बीट आरक्षकों को आरोपियों की पतासाजी के निर्देश दिए। इस दौरान आरक्षकों को जानकारी मिली कि घटना के समय पड़ोसी दिनेश सोनवानी पिता पंचराम सोनवानी, 31 वर्ष, को घर के आसपास देखा गया था। वह पूर्व में भी चोरी के मामले में पकड़ा जा चुका था।
पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि चोरी के जेवर रामा केयर अस्पताल के पास रहने वाली अपनी प्रेमिका सनिता कौसले पति स्व. बसंत कौसले, 37 वर्ष, के पास रखे हैं। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर उसके पास से चोरी के 7.66 ग्राम सोने और 361 ग्राम चांदी के जेवर तथा नकद रकम बरामद कर ली। पुलिस ने चोरी का पूरा माल जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।














