बलौदाबाजार ,सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की तत्काल मदद कर उनकी जान बचाने वाले पांच नागरिकों को जिला प्रशासन एवं बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने सम्मानित किया। संयुक्त कार्यालय बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने पांचों राहवीरों को प्रशस्ति पत्र एवं ₹25,000-₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनके मानवीय कार्य की सराहना की।
यह सम्मान राहवीर योजना के तहत दिया गया। योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना के बाद घायलों को गोल्डन ऑवर के दौरान तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार नागरिकों को प्रोत्साहित करना है।
इन पांच राहवीरों का हुआ सम्मान
विष्णु साहू, निवासी कसडोल
पुनीत राम, निवासी सिमगा
परदेशी राम सोनकर, निवासी सिमगा
मनीष निषाद, निवासी सिमगा
लोकेश साहू, निवासी हथबंद
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटना के तुरंत बाद घायलों की मदद के लिए आगे आना बेहद महत्वपूर्ण और अनुकरणीय कार्य है। समय पर अस्पताल पहुंचने से दुर्घटना पीड़ित की जान बचाई जा सकती है। पांचों राहवीरों का मानवीय प्रयास समाज के अन्य नागरिकों के लिए प्रेरणादायक है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए समय पर मदद करना अत्यंत पुण्य एवं अनुकरणीय कार्य है। राहवीर योजना ऐसे मददगार नागरिकों का मनोबल बढ़ाने का सशक्त माध्यम है।
जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ-साथ आम नागरिकों को दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने हेतु लगातार जागरूक किया जा रहा है।














