डोंगरगांव: नाबालिग को साथ लेकर दुकान में चोरी के वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी गिरफ्तार

डोंगरगांव। डोंगरगांव थाना क्षेत्र में दुकान से नकदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक नाबालिग बालक के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई एक्टिवा भी जब्त की है।पुलिस के अनुसार ग्राम अर्जुनी निवासी संजय कुमार साहू ने 30 जुलाई को थाना डोंगरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जुलाई को वह खाना खाने दुकान के ऊपर स्थित अपने घर गया था। उसकी पत्नी भी बच्चे के रोने के कारण दुकान से ऊपर चली गई थी। इसी दौरान दुकान में कोई मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी गल्ले में रखे करीब 8 हजार रुपये चोरी कर ले गया।

मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिरों से जानकारी जुटाई। इसी दौरान 25 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मनीष झाड़े पिता किशोर झाड़े, उम्र 26 वर्ष, निवासी रविदास नगर मोतीपुर, राजनांदगांव को उसके घर से हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को एक नाबालिग बालक के साथ मिलकर अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के अनुसार चोरी की रकम दोनों ने आपस में बांट ली और खाने-पीने में खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी में प्रयुक्त एक्टिवा क्रमांक CG 08 AA 0320 को उसके घर से जब्त कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने चोरी की वारदात में नाबालिग का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी तीन अपराध दर्ज हैं।

पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रधान आरक्षक सुरेश सिंह राजपूत, आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी और चंद्रप्रकाश हरमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Hot Topics

Related Articles