संदीप यादव मुंगेली, । छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली द्वारा जिला जेल का निरीक्षण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी के मार्गदर्शन में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी सचिव सतीष कुमार खाखा ने जेल पहुंचकर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और विधिक सहायता की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विचाराधीन बंदियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने जेल प्रशासन से बंदियों की दैनिक आवश्यकताओं एवं उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट खाखा ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं सुनीं। साथ ही विधिक सहायता की स्थिति की जानकारी लेते हुए जिन बंदियों को कानूनी सहायता की आवश्यकता है, उन्हें नियमानुसार समय पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने जेल प्रशासन को बंदियों के साथ मानवीय एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने तथा उनकी स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं मूलभूत आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र बंदी आवश्यक विधिक सहायता से वंचित न रहे।
निरीक्षण के दौरान सिविल जज जूनियर डिवीजन मुंगेली कु. सिमर प्रीत सलूजा, यश मौर्य एवं जेल अधीक्षक कु. ममता पटेल उपस्थित रहीं।














