गोपाला डेयरी में मिला संदिग्ध पनीर और दही, खाद्य टीम ने जांच करने सैंपल लिए

बलौदाबाजार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बलौदाबाजार स्थित गोपाला डेयरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य कारोबार से संबंधित जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर डेयरी का संचालन तत्काल बंद करा दिया गया।

मंगलवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई कई गई। जांच के दौरान डेयरी में रखे पनीर और दही की गुणवत्ता पर टीम को संदेह हुआ। दोनों खाद्य पदार्थों में डेयरी एनालॉग(नकली उत्पाद वाला) होने की आशंका पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके से पनीर और दही के वैधानिक नमूने लिए। इन्हें सीलबंद कर विस्तृत रासायनिक जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लाइसेंस-पंजीयन भी नहीं मिला: निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने डेयरी संचालक से खाद्य कारोबार से जुड़े वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। हालांकि मौके पर कोई वैध खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीयन प्रस्तुत नहीं किया जा सका। विभाग ने इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 का उल्लंघन मानते हुए प्रकरण तैयार किया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने गोपाला डेयरी को लिखित निर्देश जारी कर वैध खाद्य पंजीयन अथवा लाइसेंस प्राप्त होने तक खाद्य कारोबार बंद रखने के आदेश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार जिले में डेयरी एनालॉग के निर्माण, बिक्री और भंडारण को लेकर अभियान जारी रहेगा।

 

Hot Topics

Related Articles