संदीप यादव मुंगेली। शहर के सर्किट हाउस में बाहरी लोगों के रुकने को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा हो गया। मामला यूथ कांग्रेस चुनाव से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के मंडला जिले से 2 युवतियों समेत 9 युवक मुंगेली के सर्किट हाउस में रुके हुए थे।
यूथ कांग्रेस चुनाव में फर्जीवाड़े की आशंका
बताया जा रहा है कि इन दिनों प्रदेश में यूथ कांग्रेस का संगठन चुनाव चल रहा है, जिसमें सदस्यता और वोटिंग को लेकर जिले में सरगर्मी तेज है। आरोप है कि बाहरी जिले और दूसरे प्रदेश से युवाओं को लाकर फर्जी वोटिंग कराने की तैयारी थी। इसी को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई और सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने सभी को थाने लाकर की पूछताछ
शिकायत मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सर्किट हाउस में रुके सभी 9 युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस यह जांच कर रही है कि सभी युवक कौन हैं, कहां से आए हैं, मुंगेली किसके बुलावे पर आए और सर्किट हाउस में किसके कहने पर ठहराया गया। उनके आईडी और दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
सरकारी रेस्ट हाउस के दुरुपयोग पर उठे सवाल
सबसे बड़ा सवाल सरकारी सर्किट हाउस के उपयोग को लेकर खड़ा हो रहा है। नियमतः सर्किट हाउस में शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों और अनुमति प्राप्त लोगों को ही ठहराया जाता है। ऐसे में बाहरी युवक-युवतियों को किस आधार पर कमरे आवंटित किए गए, इसे लेकर रेस्ट हाउस प्रबंधन भी सवालों के घेरे में है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सियासी गलियारों में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।








