भारी बारिश को लेकर मुंगेली कलेक्टर ने दिए अलर्ट के निर्देश, खुड़िया बांध की हर घंटे होगी निगरानी

संदीप यादव मुंगेली जिले में हो रही लगातार बारिश को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने व्यापक आपदा पूर्व तैयारियों के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि भारी बारिश से मनियारी और शिवनाथ नदी के जलस्तर में वृद्धि, खुड़िया जलाशय में भारी आवक और शहरी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करें।

खुड़िया बांध पर विशेष नजर, जलमग्न रपटों पर जीरो क्रॉसिंग

कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को राजीव गांधी (खुड़िया) जलाशय के जलस्तर की प्रति घंटे निगरानी करने को कहा है। बिना जिला दण्डाधिकारी की लिखित अनुमति और डाउनस्ट्रीम गांवों को 3 घंटे पूर्व सूचना दिए बिना मनियारी नदी में आपातकालीन डिस्चार्ज नहीं किया जाएगा। पुलिस को सभी रपटों और कॉजवे पर बैरिकेडिंग कर जीरो क्रॉसिंग नीति का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। जलमग्न पुल, रपटा या सड़क से किसी भी वाहन या व्यक्ति को गुजरने की अनुमति नहीं होगी।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-स्नेक वेनम, क्लोरीन टेबलेट और जरूरी दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने के निर्देश दिए गए हैं। रैपिड रिस्पांस टीम और एंबुलेंस को 24 घंटे स्टैंडबाय पर रखा गया है।

कलेक्टर की नागरिकों से अपील

कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यावश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें, आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें और नदी-नाले, बांध व जलभराव वाले क्षेत्रों के पास न जाएं।

विद्युत विभाग को जलभराव वाले क्षेत्रों में एहतियातन बिजली बंद करने, टूटे तार-पोल को तत्काल ठीक करने और अस्पतालों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पशुधन विभाग को नदी किनारे के मवेशियों को सुरक्षित गौठानों में पहुंचाने और जर्जर भवनों-पुलों पर चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा गया है।

Hot Topics

Related Articles