बलौदा बाजार। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार पुलिस द्वारा एक छात्रा का लगातार पीछा कर छेड़छाड़ करने, जान से मारने की धमकी देने एवं राह चलते परेशान करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रा द्वारा थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराया गया कि जब भी वह कॉलेज आती-जाती थी, तब आरोपी रोशन सिंह राजपूत पिता उदय सिंह 23 वर्ष ग्राम रवान, वार्ड न 14 द्वारा रास्ते में उसका पीछा कर जबरन बातचीत करने, हाथ पकडकर छेड़छाड़ करने
एवं बात न करने पर जान से मारने व बदनाम करने की धमकी दिया जाता था। पीड़िता द्वारा मना करने के बावजूद आरोपी द्वारा लगातार पीछा कर फोन पर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में धारा 78 (1), 79,351 (2) बीएनएस दर्ज कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली पुलिस टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए एवं घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध कारित करना स्वीकार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 22 आर 9895 एवं एक आईफोन जब्त कर कब्जे में लिया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।








