कस्तूरबा कन्या स्कूल में HPCL का जागरूकता कार्यक्रम, तीन शिक्षिकाएं सम्मानित

संदीप यादव मुंगेली। कस्तूरबा महिला कल्याण आश्रम समिति द्वारा संचालित कस्तूरबा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विनोबा नगर में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) रायपुर के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के आगमन के साथ पूजन-वंदना से हुई। इसके पश्चात शिक्षिका ज्योति यादव, श्रेया यादव एवं दीपांजलि देवांगन ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर से आई HPCL अधिकारी प्रियंका मीणा, कस्तूरबा महिला कल्याण आश्रम समिति के उपाध्यक्ष रवि पौराणिक, बसंत मिश्रा तथा विद्यालय के प्राचार्य ब्रह्मदत्त त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि प्रियंका मीणा ने छात्राओं को एलपीजी गैस के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने घर में सिलेंडर रखते समय बरती जाने वाली सावधानियां, गैस लीक होने की स्थिति में क्या करें और क्या न करें, तथा स्वच्छ ईंधन के फायदों पर मार्गदर्शन दिया।

इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए विद्यालय की तीन शिक्षिकाओं मातेश्वरी देवांगन, जाह्नवी ठाकुर एवं प्रीति यादव को उत्कृष्ट शिक्षिका सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सभी छात्राओं और शिक्षिकाओं को पेन उपहार स्वरूप दिया गया। समिति के उपाध्यक्ष रवि पौराणिक द्वारा विद्यालय को एक पंखा भी भेंट किया गया।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन प्राथमिक विभाग प्रभारी मातेश्वरी देवांगन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मिडिल विभाग प्रभारी जाह्नवी ठाकुर ने किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

वहीं आश्रम समिति के अध्यक्ष अनिल सोनी, सचिव दीनानाथ केसरवानी, कोषाध्यक्ष धनेश सोलंकी, सह सचिव दिलीप सोनी, सदस्य महावीर सिंह, स्वप्निल वर्मा, उपाध्यक्ष रवि पौराणिक और संरक्षक सदस्य जेठमल कोटडिया ने विद्यालय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।

Hot Topics

Related Articles