भाटापारा,पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, लवन में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव कृष्ण जन्माष्टमी हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थी श्रीकृष्ण और राधा की मनमोहक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। बाल गोपाल के रूप में सजे नन्हे विद्यार्थियों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में कृष्ण भक्ति से जुड़े गीत, भजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
विद्यालय के प्राचार्य डी.के. ठाकुर ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों तथा धर्म, सत्य, कर्म और कर्तव्य के संदेश से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल उत्सव मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देने वाला अवसर भी है।
विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, उनकी लीलाओं और जीवन प्रसंगों को विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। इस दौरान बच्चों की रचनात्मकता, उत्साह एवं प्रतिभा देखने को मिली। राधा-कृष्ण के रूप में सजे विद्यार्थियों ने विशेष आकर्षण का केंद्र बनकर उपस्थित लोगों की खूब वाहवाही बटोरी।
इस अवसर पर विद्यालय में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। विद्यालय परिवार की ओर से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजनों के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर मंदोदरी सेठ, सत्येंद्र कुमार पांडे, जे.पी. साहू, राजेंद्र सिक्का, प्रशांत गायकवाड, प्रदीप कुमार, विष्णु कुमार, लक्ष्मी नारायण केसरवानी, स्मिता, मानसी, सुमन कौशिक, चंद्रिका, एच.पी. पटेल, दुर्गेश चंद्रा, प्रमोद कुमार, रंजन उपाध्याय, कांतिलाल पटेल, राघवेंद्र सोनार, शैलेंद्र, रोहित वर्मा, राहुल राय, परमेश्वर सहित विद्यालय के समस्त सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।








