डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से गांजा परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.174 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब ₹2 लाख 58 हजार 700 बताई गई है, तथा HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AS 3992 कीमत ₹45 हजार जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹3 लाख 3 हजार 700 रुपये है।पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खूंटापारा डोंगरगढ़ निवासी फारूक खान उर्फ करी अज्जू मोटरसाइकिल से बड़ी मात्रा में गांजा लेकर बोरतलाव की ओर से डोंगरगढ़ आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम चिचदो मोड़ स्थित अंसारी टायर एवं अली मोटर्स रिपेयरिंग सेंटर के सामने घेराबंदी की।
पुलिस ने मौके पर संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को पकड़कर तलाशी ली। उसके कब्जे से पैकेट सहित 5.174 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फारूक खान उर्फ करी अज्जू, पिता इजरायल खान, उम्र 45 वर्ष, निवासी खूंटापारा वार्ड नंबर 1, डोंगरगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज हैं। इनमें अपराध क्रमांक 484/2025 धारा 20 एनडीपीएस एक्ट, अपराध क्रमांक 238/2026 धारा 36(सी) आबकारी एक्ट तथा अपराध क्रमांक 578/2024 धारा 36(सी) आबकारी एक्ट शामिल हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल, उनि ओम साहू, आरक्षक लीलाधर मंडलोई, किशन चंद्रा, अजय पाटले एवं योगेश साहू का सराहनीय योगदान रहा।








