राजनांदगांव :उत्कृष्ट स्वच्छता और अनुशासन का संदेश देने वाले टॉप 3 स्वच्छ पंडालों को जिला प्रशासन की ओर से किया जाएगा पुरस्कृत

  • गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने समिति पदाधिकारियों से सहयोग की अपील

  • गणेश विसर्जन झांकी के संबंध में गणेशोत्सव समिति के सदस्यों की बैठक संपन्न

विश्वनाथ देवांगन,राजनांदगांव 10 सितम्बर 2026। गणेशोत्सव के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के संबंध में आज जिला प्रशासन, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने गणेशोत्सव समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने समितियों से समन्वय बनाकर उत्सव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की अपील की। इस दौरान विद्युत विभाग द्वारा गणेश विसर्जन मार्ग में विद्युत तारों एवं पोल की व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही नगर निगम द्वारा प्रत्येक पंडाल की सफाई के लिए डेडिकेटेड टीम नियुक्त करने की बात कही गई।

पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय कुमार यादव ने कहा कि गणेशोत्सव हर्ष और उल्लास का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी अप्रिय घटना को होने से पहले रोकना अधिक महत्वपूर्ण है और इसमें गणेशोत्सव समितियों की भूमिका सबसे अहम है। समितियां अपने स्तर पर अनुशासन और आत्मनियंत्रण बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की पर्याप्त संख्या सुनिश्चित करें। विसर्जन के दौरान स्वयंसेवकों की अलग टीम बनाई जाए, जो समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं के बीच समन्वय बनाए रखते हुए भीड़ को नियंत्रित करे। उन्होंने समितियों से अपील की कि विसर्जन में शामिल स्वयंसेवक नशे की हालत में न हों तथा पूरी तरह जिम्मेदार एवं अनुशासित हो। पुलिस महानिरीक्षक ने डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में निर्धारित समय एवं ध्वनि सीमा का पालन करने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रात्रि 10 बजे के बाद ध्वनि यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध है। उन्होंने उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने समितियों से अपील की कि किसी आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह को बिना सत्यापन के आगे प्रसारित न करें तथा ऐसी सामग्री की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। धार्मिक भावनाओं एवं सामाजिक सौहार्द को बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने कहा। पंडाल एवं स्टॉल ऐसे स्थान पर लगाए जाएं जिससे एम्बुलेंस सहित आवश्यक सेवाओं के वाहनों के आवागमन में बाधा न आए। मार्ग को लेकर किसी प्रकार की समस्या होने पर समिति प्रशासन एवं पुलिस से समन्वय स्थापित करे। उन्होंने सड़क पर घूमने वाले पशुओं के प्रबंधन तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। साथ ही आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए बड़े पंडालों में आवश्यक अग्निशमन उपकरण रखने की अपील की।

कलेक्टर ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान विद्युत सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता एवं विसर्जन व्यवस्था को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने कहा कि पंडालों के आसपास ऐसी व्यवस्था हो कि आपातकालीन वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने समितियों से आग्रह किया कि किसी भी समस्या अथवा विवाद की स्थिति में तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। कलेक्टर ने चिकित्सा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दवाइयों एवं सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी समितियां सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने गणेश पंडालों को प्लास्टिक मुक्त रखने की अपील करते हुए कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर कागज अथवा पुन: उपयोग किए जा सकने वाले विकल्पों को अपनाया जाए। उन्होंने प्लास्टिक कचरे से नालियों के जाम होने तथा लंबे समय तक उसके नष्ट न होने की समस्या का उल्लेख करते हुए समितियों से स्वच्छता के प्रति जागरूकता दिखाने कहा। उन्होंने कहा कि उत्सव की सुंदरता के साथ स्वच्छता बनाए रखना भी सभी की जिम्मेदारी है। कलेक्टर ने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान स्वच्छता को प्रोत्साहित करने के लिए उत्कृष्ट एवं सकारात्मक पहल की घोषणा की गई है। नगर निगम द्वारा प्रत्येक पंडाल के लिए सफाई व्यवस्था हेतु डेडिकेटेड टीम नियुक्त की जाएगी। उत्सव के समापन के बाद सबसे स्वच्छ एवं बेहतर कचरा निस्तारण व्यवस्था वाले टॉप 3 गणेश पंडालों को जिला प्रशासन की ओर से प्रमाण-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही शांतिपूर्ण एवं अनुशासित आयोजन करने वाली समितियों को भी प्रोत्साहित करने की दिशा में आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान प्रत्येक पंडाल के लिए नोडल अथवा डेडिकेटेड पुलिस टीम नियुक्त की गई है। उन्होंने समिति पदाधिकारियों से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा पुलिस व्यवस्था से संबंधित कमी की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें। पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार से बचने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस द्वारा सोशल मीडिया की विशेष निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई आपत्तिजनक अथवा धार्मिक सौहार्द बिगाडऩे वाली पोस्ट सामने आती है तो उसे आगे प्रसारित करने के बजाय तत्काल पुलिस के संज्ञान में लाएं, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

*विद्युत विभाग ने गणेश विसर्जन मार्ग को सुरक्षित बनाने की जानकारी दी -* 

विद्युत विभाग के अधिकारी ने बताया कि गणेश विसर्जन के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर विद्युत लाइनों को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कार्य किए गए हैं। जहां विद्युत पोल सड़क के एक ओर थे और लाइनें सड़क के दूसरी ओर जा रही थीं, वहां नए पोल स्थापित कर लाइनों की ऊंचाई बढ़ाई गई तथा सर्विस क्रॉसिंग को व्यवस्थित किया गया। इससे विसर्जन मार्ग पर विद्युत सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त ऊंचाई एवं खुला स्थान सुनिश्चित किया गया है। दूरसंचार कंपनियों के साथ भी समन्वय कर असुरक्षित क्रॉसिंग को हटाने तथा आवश्यकतानुसार सुरक्षित ऊंचाई पर लाइनें व्यवस्थित करने के लिए कहा गया है।

समितियों से पंडाल परिसर में पीएम सूर्य घर योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने वाले संदेश एवं अपील प्रदर्शित करने का भी आग्रह किया गया, ताकि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ अधिक से अधिक लोग सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें। बैठक में गणेशोत्सव समितियों के प्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, विद्युत, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles