रायपुर। राजधानी के व्यस्त सदर बाजार इलाके में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जर्जर बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के समय आसपास कई लोगों की मौजूदगी बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। बिल्डिंग गिरने की जानकारी मिलते ही नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। जानकारी के मुताबिक, जर्जर बिल्डिंग सदर बाजार में सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित थी। इमारत के नीचे एक पान की दुकान भी संचालित हो रही थी। सदर बाजार शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल है और यहां दिनभर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है।








