सुअरों की लगातार मौत से चिंता, जांच रिपोर्ट का इंतजार

टेहका रोड स्थित फार्म हाउस में अब तक 20 सुअरों की मौत की जानकारी, भोपाल भेजे गए सैंपल

भाटापारा। प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बीच भाटापारा के टेहका रोड स्थित एक फार्म हाउस में सुअरों की लगातार हो रही मौत ने चिंता बढ़ा दी है। फार्म हाउस संचालक के अनुसार यहां 1 सितंबर से सुअरों की मौत का सिलसिला जारी है। पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दिए जाने के बाद रायपुर एवं बलौदाबाजार की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच एवं सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए भोपाल भेजे जाने की जानकारी दी गई है। रिपोर्ट 14 सितंबर को आने की संभावना बताई गई है। फार्म हाउस

संचालक समीर ध्रुव के अनुसार अब तक करीब 20 सुअरों की मौत हो चुकी है। वहीं, बचे हुए सुअरों की पशु चिकित्सा विभाग द्वारा लगातार निगरानी और चिकित्सकीय जांच की जा रही है। शनिवार 12 सितंबर को भी दो छोटे सुअरों की मौत होने की पुष्टि पशु चिकित्सा विभाग द्वारा की गई है।

प्रशासन से सतर्कता बरतने की मांग

लगातार सुअरों की मौत और प्रदेश के अन्य हिस्सों में स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए स्थानीय स्तर पर भी लोगों में चिंता है। हालांकि टेहका रोड फर्म हाउस में हुई मौतों का कारण अभी जांच रिपोर्ट आने तक स्पष्ट नहीं है। ऐसे में नागरिकों का कहना है कि प्रशासन एवं संबंधित विभाग को एहतियात के तौर पर आवश्यक निगरानी और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में कदम उठाना चाहिए, ताकि किसी भी संभावित संक्रमण की स्थिति में समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके

बाहर से आने वाले मांस की बिक्री पर भी निगरानी की मांग

फार्म हाउस संचालक समीर ध्रुव ने शहर में बाहर से लाकर मांस की बिक्री किए जाने को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि महाराष्ट्र और झारखंड सहित अन्य स्थानों से मांस लाकर शहर में बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। उन्होंने प्रशासन से शहरहित एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए मांस की बिक्री और बाहर से आने वाले मांस की जांच पर भी आवश्यक निगरानी रखने की मांग की है।

रिपोर्ट आने तक कारण स्पष्ट नहीं

विकासखंड सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजूला गहरीवार ने बताया कि टेहका रोड स्थित फार्म हाउस में पिछले कुछ दिनों से सुअरों की बड़ी संख्या में मृत्यु हुई है। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा

लगातार निगरानी रखते हुए उपचार किया जा रहा है। मौत के निश्चित कारण का पता लगाने के लिए सैंपल लेकर जांच हेतु भोपाल भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट सोमवार 14 सितंबर को आने की उम्मीद है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगा।

Hot Topics

Related Articles