खेत में काम कर रहे किसान पर बाघिन का हमला, हालत गंभीर

बिलासपुर। अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) से लगे कोटा थाना क्षेत्र के दवनपुर गांव में शनिवार सुबह वन्यजीव हमले की बड़ी घटना सामने आई। खेत में काम कर रहे एक ग्रामीण पर अचानक बाघिन ने हमला कर दिया। हमले के दौरान ग्रामीण ने हिम्मत नहीं हारी और पास रखे लोहे के तसले से बाघिन के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद बाघिन पीछे हट गई और ग्रामीण की जान बच गई। घायल ग्रामीण को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

खाद डालते समय अचानक सामने आई बाघिन

जानकारी के अनुसार, दवनपुर निवासी संजू मरकाम शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे अपने खेत में काम कर रहे थे। वह खेत में खाद डालने का काम कर रहे थे, तभी अचानक वहां एक बाघिन पहुंच गई। संजू के अनुसार, उन्हें कुछ समझने का मौका नहीं मिला और बाघिन ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बाघिन ने उनके बाएं पैर, चेहरे और हाथ पर हमला किया। इसके बाद उसने गले की ओर वार करने की कोशिश की।संजू मरकाम ने बताया कि उस समय उनके पास बचने का कोई रास्ता नहीं था। अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने तुरंत पास रखा लोहे का तसला उठाया और पूरी ताकत से बाघिन के सिर पर वार कर दिया। तसले के वार से बाघिन कुछ पीछे हट गई। इसी दौरान खेत के आसपास मौजूद अन्य ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों की आवाज और हलचल सुनकर बाघिन वहां से जंगल की ओर भाग गई। घायल ग्रामीण की हालत खतरे से बाहर हमले के बाद घायल संजू मरकाम को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. निखलेश गुप्ता ने बताया कि ग्रामीण की स्थिति फिलहाल सामान्य है और वह खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण के चेहरे, हाथ और पैर पर बाघिन के नाखून के निशान और हल्की चोटें आई हैं। वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में उनका इलाज कराया जा रहा है।अचानकमार टाइगर रिजर्व और आसपास के क्षेत्रों में वन विभाग की टीम वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर वन क्षेत्र से लगे गांवों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौती को सामने ला दिया है। प्रशासन और वन विभाग के सामने अब ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बड़ी जिम्मेदारी बन गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

Hot Topics

Related Articles