बलौदाबाजार, 4 अक्टूबर 2026। जिले में कुपोषण और एनीमिया की समस्या को दूर करने तथा लोगों को पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान चलाया जाएगा। राज्य शासन के निर्देशानुसार शुरू होने वाले इस अभियान के तहत जिले में लगभग 8 लाख मुनगा पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुनगा प्राकृतिक पोषण और सूक्ष्म पोषक तत्वों का महत्वपूर्ण स्रोत है। इसके नियमित सेवन से कुपोषण, एनीमिया और सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी को दूर करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने अधिकारियों को मुनगा को प्रतिदिन के आहार में शामिल करने और पौधरोपण के लिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने वन विभाग और उद्यानिकी विभाग को आगामी दो माह में 4-4 लाख मुनगा पौधे तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि फरवरी और मार्च माह में पौधरोपण किया जा सके।
आंगनबाड़ी से लेकर घरों तक होगा पौधरोपण
अभियान के तहत जिले के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में 5 पौधे, प्रत्येक स्कूल एवं छात्रावास में 20 पौधे तथा प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में 10 पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा जिले के प्रत्येक परिवार को 2 मुनगा पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। नगरीय निकायों के सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध जगह के अनुसार पौधरोपण किया जाएगा।
सुपोषण चौपाल के माध्यम से किया जाएगा जागरूक
महिला एवं बाल विकास विभाग का मैदानी अमला सुपोषण चौपाल के दौरान हितग्राहियों, विशेषकर महिलाओं और परिवारों से चर्चा करेगा। इस दौरान मुनगा पौधों के रोपण, संरक्षण और उनके नियमित उपयोग के प्रति लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 13 सितंबर 2026 को प्रदेशव्यापी ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान का नोडल विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग है। जिले में निर्धारित 8 लाख पौधों के लक्ष्य के साथ अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने की तैयारी की जा रही है।









