परीक्षा तिथि में संशोधन, पहले 12 दिसंबर 2026 को होना था आयोजन
बलौदाबाजार, 4 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा राष्ट्रीय साधन सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा सत्र 2026-27 की तिथि में बदलाव किया गया है। अब यह परीक्षा 12 दिसंबर 2026 के स्थान पर 3 जनवरी 2027, रविवार को प्रदेश के निर्धारित परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ओर से 12 एवं 13 दिसंबर 2026 को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) आयोजित की जा रही है। इसी के मद्देनजर राष्ट्रीय साधन सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा की निर्धारित तिथि में संशोधन किया गया है।
मंडल ने संशोधित अधिसूचना जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि अब छात्रवृत्ति परीक्षा 3 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। परीक्षा तिथि में हुए इस बदलाव की जानकारी प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।
मंडल ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संशोधित परीक्षा तिथि की सूचना सभी परीक्षार्थियों तक पहुंचाई जाए तथा परीक्षा के सुचारू आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।
परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा की संशोधित तिथि को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी जारी रखें।









