मुंगेली में सेवा संकल्प अभियान पर मंथन: जन-जन तक पहुंचाने बनी कार्ययोजना

संदीप यादव मुंगेली,  जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए आज विश्राम भवन में संयुक्त बैठक हुई। बैठक में केंद्र और राज्य के मंत्रियों ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ आगे की रणनीति तय की।

बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।

पीएम के 25 साल के सेवा भाव को पहुंचाना है जनता तक

केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका मकसद सेवा और समर्पण की भावना को गांव-गांव तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागों को आपस में समन्वय बनाकर काम करने को कहा।

उन्होंने 17 सितंबर को हुए ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में लोगों की बड़ी भागीदारी पर खुशी जताई और कहा कि बाकी कार्यक्रम भी इसी उत्साह से होने चाहिए।

हर नागरिक तक पहुंचे योजनाओं का लाभ – प्रभारी मंत्री

प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि यह अभियान सेवा और विकास को मजबूत करने का मौका है। हर नागरिक तक शासन की योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचना चाहिए, यह सबकी जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तिथिवार तय कार्यक्रमों को समय पर और व्यवस्थित तरीके से कराएं। खासकर ग्रामीण स्तर पर मैदानी अमले को सक्रिय होकर लोगों को जोड़ने को कहा।

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने भी कहा कि अभियान की सफलता के लिए जनप्रतिनिधि, प्रशासन और सामाजिक संगठनों में बेहतर तालमेल जरूरी है।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे ने पूरे महीने के कार्यक्रमों की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से बताया।

इस दौरान विधायक धर्मजीत सिंह, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, शैलेश पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles