राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स स्पर्धा में शिवानी साहू ने जीता तृतीय स्थान

सिमगा। स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में 17 से 21 सितंबर तक जगदलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सिमगा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवापारा की छात्रा शिवानी साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कक्षा 11वीं में अध्ययनरत शिवानी साहू, पिता दुखहरण साहू, ग्राम मुड़पार निवासी हैं। उन्होंने 17 वर्ष आयु वर्ग के भाला फेंक (जेवलिन थ्रो) स्पर्धा में रायपुर संभाग का प्रतिनिधित्व किया। 18 सितंबर को आयोजित स्पर्धा में शिवानी ने 21 मीटर भाला फेंककर तृतीय स्थान हासिल किया। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें पदक से सम्मानित किया गया।

शिवानी की इस उपलब्धि पर बलौदाबाजार जिला ओलंपिक संघ के सचिव आदित्य सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि बालिकाओं में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। शिवानी की सफलता से क्षेत्र की अन्य छात्राओं और खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि संघ प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा रहा है।

विद्यालय के व्यायाम शिक्षक वीरेंद्र पटेल ने भी शिवानी को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में अभी अन्य खेलों के परिणाम आना बाकी हैं और उनसे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

शिवानी की सफलता पर सिमगा जनपद अध्यक्ष दौलत पाल, प्राचार्य भीष्म कुमार पैकरा, सरपंच डोमार सिंह मारकंडे, पूर्व सरपंच भुनेश्वर सिंह वर्मा, उपसरपंच लोकनाथ वर्मा, व्याख्याता उत्तम कुमार साहू, सत्येंद्र चौबे, पार्षद सचिन जैन सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, ग्राम मुड़पार एवं ग्राम नवापारा के ग्रामीणों तथा खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

Hot Topics

Related Articles