जनदर्शन में गूंजी जनता की समस्याएं, कलेक्टर और एसएसपी ने सुनी फरियाद जर्जर स्कूल भवन से लेकर 13 माह से लंबित वेतन और रुकी पेंशन तक के मामले पहुंचे अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

बिलासपुर:– जिला कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में कोटा विकासखंड के ग्राम पंचायत बछालीखुर्द के सरपंच ने जर्जर प्राथमिक शाला भवन के स्थान पर नया भवन बनाने और गांव में मोबाइल टावर लगाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि डबरीपारा स्थित प्राथमिक शाला का भवन जर्जर होने के कारण बच्चों को करीब एक किलोमीटर दूर कृषि भवन में पढ़ने जाना पड़ रहा है। वहीं मोबाइल नेटवर्क की समस्या के चलते शासकीय कार्यों और वीबी-जीरामजी के तहत मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी में भी परेशानी हो रही है। लाखासार आवास मोहल्ले के रहवासियों ने बढ़ती आबादी के बीच बिजली की समस्या का मुद्दा उठाया। रहवासियों के मुताबिक 25 केवी का पुराना ट्रांसफार्मर बार-बार ओवरलोड होकर बंद हो जाता है। उन्होंने 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की, ताकि बच्चों की पढ़ाई और आम जनजीवन प्रभावित न हो। इसी तरह तखतपुर विकासखंड के धजाराम पटेल ने ग्राम पंचायतों में कराए गए विद्युतीकरण कार्य की लंबित राशि का भुगतान कराने की मांग की। पचपेड़ी निवासी श्यामलाल ने बारिश में क्षतिग्रस्त हुए घर की मरम्मत के लिए सहायता राशि दिलाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण घर की मरम्मत कराना मुश्किल है और छत भी क्षतिग्रस्त हो गई है। जनदर्शन में सकरी स्थित वन विभाग के शासकीय डिपो में पिछले 10 वर्षों से सुरक्षा श्रमिक के रूप में कार्यरत बलराम यादव भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्हें पिछले 13 माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने लंबित पारिश्रमिक का तत्काल भुगतान कराने की मांग की। वहीं तखतपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत भरारी (भुण्डा) की महिलाओं ने लंबे समय से रुकी निराश्रित पेंशन शुरु कराने की मांग रखी।महिलाओं ने बताया कि पेंशन नहीं मिलने से दैनिक जीवन यापन में काफी परेशानी हो रही है। जनदर्शन के दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Hot Topics

Related Articles