स्मृति परिषद ने जनपद सीईओ से की मुलाकात, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पट्टिका में जोड़ने की मांग

स्मृति पत्रक अर्पित कर अभियान की दी जानकारी, सम्मान पट्टिका में छूटे नामों की ओर कराया ध्यान आकृष्ट

भाटापारा/भारतीय संस्कृति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति की संस्कृति रही है। राष्ट्र और समाज के लिए अपना योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को स्मरण करना इसी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य को लेकर नगर की रचनात्मक संस्था शहीद स्मृति परिषद द्वारा क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीद सैनिकों एवं लोकतंत्र सेनानियों को नई पीढ़ी से परिचित कराने के लिए स्मृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न वर्गों एवं संस्थाओं से संपर्क कर स्मृति पत्रक अर्पित किए जा रहे हैं।

 

इसी क्रम में शहीद स्मृति परिषद के सदस्यों मुकेश शर्मा, हरिहर शर्मा, गिरधर गोपाल शर्मा, मोनू, मानिक प्रसाद दुबे, सुनील जोशी आदि ने जनपद सीईओ हिमांशु वर्मा से मुलाकात की। परिषद के सदस्यों ने उन्हें स्मृति पत्रक अर्पित किया तथा अभियान के उद्देश्य एवं गतिविधियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की। जनपद सीईओ ने परिषद की इस पहल की सराहना की। इसके अलावा परिषद के सदस्यों ने जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि से भी मुलाकात कर उन्हें स्मृति पत्रक अर्पित किया।

सम्मान पट्टिका में छूटे नामों का मुद्दा उठाया

इस दौरान परिषद के सदस्यों ने जनपद कार्यालय परिसर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में पूर्व से स्थापित सम्मान पट्टिका का भी अवलोकन किया। जिला कार्यालय से प्राप्त दस्तावेजों का हवाला देते हुए सदस्यों ने जनपद सीईओ का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया कि पट्टिका में क्षेत्र के कुछ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम दर्ज नहीं हैं।

परिषद ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का योगदान हमारी ऐतिहासिक धरोहर है और सभी संबंधित सेनानियों के नामों का सम्मानपूर्वक उल्लेख किया जाना आवश्यक है। सदस्यों ने पट्टिका में आवश्यक सुधार किए जाने की बात रखी।

दस्तावेजों का अध्ययन कर एसडीएम से चर्चा करेंगे सीईओ

परिषद के सदस्यों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के कुछ नाम छूट जाने का विषय सामने रखे जाने पर जनपद सीईओ हिमांशु वर्मा ने जिला कार्यालय से प्राप्त दस्तावेजों एवं संबंधित जानकारी का अध्ययन करने की बात कही। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम से चर्चा कर आवश्यक पहलुओं पर विचार करने की बात भी कही।

परिषद के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि दस्तावेजों के परीक्षण के बाद सम्मान पट्टिका में छूटे हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नामों को नियमानुसार शामिल करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Hot Topics

Related Articles