संदीप यादव मुंगेली। शासकीय एसएनजी महाविद्यालय में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को हो रही परेशानियों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को ABVP की कॉलेज इकाई ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर कॉलेज की मूलभूत समस्याओं को जल्द दूर करने की मांग की।
ABVP कार्यकर्ताओं ने कहा कि कॉलेज में जरूरी सुविधाओं का अभाव है, जिसके कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ रोज की गतिविधियों में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में रखी ये प्रमुख मांगें –
परिषद ने ज्ञापन में स्वच्छ पेयजल, शौचालयों की नियमित साफ-सफाई और मरम्मत, पूरे परिसर और क्लास रूम में रोज साफ-सफाई, सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे, कैंटीन का निर्माण, स्मार्ट क्लास और प्रोजेक्टर की व्यवस्था, कॉमन रूम की उचित व्यवस्था, छात्राओं के लिए सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन, पर्याप्त कंप्यूटर, नियमित कक्षाएं, खेल मैदान, खेल सामग्री की व्यवस्था, छात्राओं के लिए आवश्यक सुविधाएं, करियर गाइडेंस, सेमिनार, प्लेसमेंट, कॉलेज की भूमि का सीमांकन और रिक्त पदों पर भर्ती जैसी मांगें शामिल हैं।
ABVP ने कहा कि कॉलेज में जरूरी निर्माण और मरम्मत के काम भी कराए जाएं। विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों की इन समस्याओं पर तुरंत ध्यान देकर कार्रवाई की जाए।
परिषद ने चेतावनी दी है कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और बुनियादी सुविधाएं देना ही कॉलेज प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो ABVP आगे भी इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी और जरूरत पड़ने पर विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा।








