बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे विधायक इन्द्र साव, रेस्क्यू टीम को अलर्ट रहने के निर्देश

भाटापारा। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र की नदियों का जलस्तर बढ़ने और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए विधायक इन्द्र साव ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर जलभराव, आवागमन और अन्य समस्याओं की जानकारी ली। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तत्परता बरतने तथा जरूरतमंदों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।

विधायक इन्द्र साव ने ग्राम गणेशपुर, तोरा, चक्रवाय, खैरघट, मांढर, दौरेंगा, कुलीपोटा और कुम्हारखान सहित करीब एक दर्जन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित गांवों में जलस्तर, आवागमन और राहत व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

सुरक्षा और राहत कार्यों को प्राथमिकता

विधायक ने रेस्क्यू टीम को अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी गांव में स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल तत्काल सक्रिय हो और जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार स्थिति पर नजर रखने, प्रभावित ग्रामीणों के संपर्क में रहने और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए।

दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक ने अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखने तथा प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा।

Hot Topics

Related Articles