भाटापारा। शिवनाथ नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए भाटापारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सेमरिया में जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भाजपा युवा मोर्चा अविनाश शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय परिस्थितियों का जायजा लिया और ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सरपंच प्रतिनिधि दद्दू डहरिया, उपसरपंच एवं युवा मोर्चा साथी प्रमोद मोदी निषाद, विष्णु दास मानिकपुरी, धरम निषाद सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। अविनाश शर्मा ने ग्रामीणों से जलस्तर की स्थिति और जलभराव से उत्पन्न परेशानियों के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में भाटापारा विधानसभा के प्रत्येक परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। नागरिकों की सुरक्षा और सेवा प्राथमिकता है। उन्होंने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की।
नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील
अविनाश शर्मा ने ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों से नदी किनारे तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सावधानी ही सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण उपाय है। लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की गई।








