नई दिल्ली: INDIA ब्लॉक के 140 से अधिक सांसदों का SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ संसद से सड़क तक मार्च शुरू हो गया है. INDIA ब्लॉक के सांसद संसद भवन से निकलकर निर्वाचन सदन की ओर बढ़ रहे हैं.शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका मार्च के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. विपक्ष के इस विरोध मार्च में कई पार्टियां शामिल हुई हैं. हालांकि, AAP और DMK ने इससे दूरी बना ली है. TMC सांसद अभिषेक बनर्जी भी मार्च में शामिल होने के लिए रवाना हो गए हैं. वहीं, विपक्ष के प्रस्तावित विरोध मार्च से पहले निर्वाचन सदन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) के जवान भारी संख्या में मौजूद हैं. दिल्ली पुलिस अब हर प्रोटेस्ट में बॉडी कैमरा लगा कर ड्यूटी कर रही है. नई दिल्ली इलाके के डीसीपी सचिन शर्मा भी अब बॉडी कैमरा लगा कर ड्यूटी में तैनात हैं. नई दिल्ली ज़िले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3000 से ज़्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. पुरुषों की 27 कंपनियां और महिलाओं की 4 कंपनियां तैनात की गई हैं. बता दें, आम तौर पर एक पुलिस कंपनी में 100-115 जवान होते हैं. संसद भवन, पार्लियामेंट स्ट्रीट गोलचक्कर के पास और निर्वाचन सदन, आदि अहम जगहों पर सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं. दिल्ली पुलिस ने मार्च के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है. कनॉट प्लेस, पटेल चौक- मुख्य डाक घर, विंडसर प्लेस- मुख्य डाक घर, अशोक रोड, जंतर-मंतर रोड और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है. INDIA ब्लॉक के मार्च में शामिल होने के लिए शिवसेना- UBT सांसद संजय राऊत दिल्ली पहुंचे हैं. विपक्ष के मार्च से पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं. CISF जवानों की भी तैनाती की गई है. संजय राऊत ने सवाल किया है कि इतने पुलिसबल की क्या जरूरत थी? उनका कहना है कि वे बस चुनाव आयोग के दफ्तर जाकर ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देने के लिए कहना चाहते हैं, इसके लिए इतने पुलिस बल की जरूरत नहीं थी. उन्होंने ज्ञानेश कुमार को देश का दुश्मन बताया है. उन्होंने कहा, ‘ हम पैदल मार्च करना चाहते हैं; हमारे पास कोई हथियार नहीं है. हम बस चुनाव आयोग के दफ़्तर जाकर ज्ञानेश कुमार से इस्तीफ़ा देने के लिए कहना चाहते हैं, और वे देश के दुश्मन हैं.’ आम आदमी पार्टी ने इस मार्च से दूरी बना ली है. आम आदमी पार्टी ने साफ कहा कि वह लड़ाई खुद लड़ रही है इसलिए वह SIR को लेकर हो रहे INDIA गठबंधन के मार्च में शामिल नहीं होगी. AAP राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि SIR को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रोटेस्ट हो रहे हैं. उनका कहना है कि इस प्रोटेस्ट को लेकर पार्टी का मानना है कि यह लोगों का आंदोलन है और देश से जुड़ा मुद्दा है. उन्होंने कहा, ‘CJP और अलग-अलग संगठन विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. यह INDIA गठबंधन का विरोध प्रदर्शन है इसलिए आम आदमी पार्टी इसमें शामिल नहीं है. हम यह लड़ाई अपने तरीके से लड़ रहे हैं।








