सीपत:- आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्र दुर्गोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को सीपत थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीपत थाना के पीएसआई करण राज बघेल एवं एसआई शिव बख्शाल ने दुर्गा उत्सव समितियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न ग्रामों से पहुंचे लोगों से चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पीएसआई करण राज बघेल ने कहा कि नशा ही अपराध की जड़ है, इसलिए नवरात्र के दौरान किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहकर धार्मिक पर्व को श्रद्धा और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं।
उन्होंने कहा कि दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान अपराध, विवाद और लड़ाई झगड़े की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए समितियां सुबह के समय विसर्जन करने का प्रयास करें। उन्होंने बिजली व्यवस्था को लेकर भी सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि लाइट कनेक्शन एवं विद्युत सप्लाई को पूरी सावधानी से संभालकर लें, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। वहीं उन्होंने कहा कि यदि किसी समिति द्वारा जगराता अथवा कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है तो उसकी सूचना पूर्व से थाना में दें, जिससे पुलिस प्रशासन आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर सके।
एसआई शिव बख्शाल ने कहा कि नवरात्र पर्व को पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाएं तथा शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन सख्त है और लगातार कार्रवाई की जा रही है। पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में समितियों एवं ग्रामीणों का सहयोग महत्वपूर्ण है। सीपत सरपंच योगेश वंशकार ने कहा कि नवरात्र पूरे क्षेत्र की आस्था का पर्व है। सभी दुर्गा उत्सव समितियां आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ कार्यक्रम आयोजित करें तथा पुलिस प्रशासन द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की विवादित स्थिति से बचने के लिए समिति के सदस्य आपसी समन्वय बनाए रखें और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को तत्काल सूचना दें। बैठक में आगामी नवरात्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, दुर्गा पंडालों में विद्युत व्यवस्था, जगराता एवं अन्य कार्यक्रमों की सूचना, विसर्जन व्यवस्था तथा कानून व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। पुलिस ने समितियों से शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग की अपील की।
इस दौरान सीपत सरपंच योगेश वंशकार, रामनिहोर सूर्यवंशी, अशोक सूर्यवंशी, मड़ई सरपंच फिरत अनंत, ऊनी सरपंच देव कुमार साहू, रामलाल साहू, राकेश लैहर्षण, जितेंद्र कुमार, वीरेंद्र कुमार कश्यप, सतेलराम, चंद्रभूषण साहू, संतोष साहू, राजेंद्र सिंह ठाकुर, राजेंद्र कश्यप, चैनसिंह, मुकेश नेताम, दुर्गेश नेताम, रामसिंह नेताम सहित विभिन्न ग्रामों के लोग व थाना के पुलिसकर्मी , पत्रकारगण भी बैठक में मौजूद रहे।






