26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य समापन

बलौदाबाजार। पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में 3 से 6 अक्टूबर तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ध्वज अवरोहण कर प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा की तथा विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों शैक्षणिक संभागों से आए खिलाड़ियों ने बैंड की धुन पर आकर्षक मार्च पास्ट किया। चार दिनों तक चली विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रायपुर संभाग ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

खेलों से मिलती है विविध संस्कृतियों को जानने की सीख

समापन समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए बच्चों को विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति, खान-पान और रहन-सहन को समझने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई से 31 अक्टूबर तक चलने वाली इस खेल श्रृंखला का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रदेश के अलग-अलग जिलों की संस्कृति से परिचित कराना भी है।

मंत्री ने खिलाड़ियों को हार-जीत को खेल भावना से लेने की सीख देते हुए कहा कि हार से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय खेलों में शामिल किए गए कुराश खेल की प्रतियोगिता भी बलौदाबाजार में आयोजित की गई।

रग्बी और नेटबॉल में रायपुर का दबदबा

प्रतियोगिता के प्रमुख परिणामों में रग्बी के 14 वर्ष बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में रायपुर संभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बस्तर संभाग दूसरे और दुर्ग संभाग तीसरे स्थान पर रहा।

इसी प्रकार 19 वर्ष नेटबॉल के बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में रायपुर संभाग प्रथम, बिलासपुर द्वितीय तथा दुर्ग संभाग तृतीय स्थान पर रहा।

कुराश में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

कुराश प्रतियोगिता के 14 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग संभाग प्रथम, सरगुजा द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय तथा दुर्ग तृतीय रहा।

17 वर्ष बालक वर्ग में रायपुर प्रथम, सरगुजा द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहे। बालिका वर्ग में दुर्ग ने प्रथम, बिलासपुर ने द्वितीय और रायपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया।

19 वर्ष बालक वर्ग में रायपुर प्रथम, सरगुजा द्वितीय तथा दुर्ग तृतीय रहा। वहीं बालिका वर्ग में बिलासपुर संभाग प्रथम, दुर्ग द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा।

बलौदाबाजार में खुलेगा डाइट

समापन समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बलौदाबाजार में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खोलने की महत्वपूर्ण घोषणा की। इस घोषणा से जिले में शिक्षा एवं शिक्षक प्रशिक्षण के क्षेत्र में नई सुविधाएं विकसित होने की उम्मीद है।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन साहू, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक आनंद यादव, राकेश ध्रुव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। समारोह का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।

Hot Topics

Related Articles