बलौदाबाजार। आगामी नवरात्रि, गरबा उत्सव एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से 6 अक्टूबर को थाना सिटी कोतवाली परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, उत्सव समितियों के पदाधिकारियों, पत्रकारों और नगर के गणमान्य नागरिकों से संवाद कर पर्व के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) बलौदाबाजार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) बलौदाबाजार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) तथा थाना प्रभारी सिटी कोतवाली प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर के पार्षदगण, विभिन्न दुर्गा पूजा एवं गरबा उत्सव समितियों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, पत्रकारगण, प्रबुद्ध नागरिक एवं नगरवासी भी बैठक में शामिल हुए।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर
बैठक में आगामी पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गरबा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया।
आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित एवं नियमानुसार उपयोग सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आयोजकों को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए आयोजन समितियों से प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की गई।
शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील
पुलिस-प्रशासन ने नगरवासियों और आयोजन समितियों से नवरात्रि, गरबा एवं दशहरा पर्व के दौरान आपसी भाईचारा, शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
बैठक के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सजग है और आयोजन समितियों से भी निर्धारित नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपेक्षा की गई है।






