_संदीप यादव मुंगेली।_ वन्यप्राणी सप्ताह के अंतर्गत चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत अचानकमार टाइगर रिजर्व में वन और वन्यजीवों की सुरक्षा, संरक्षण एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ वन अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया। इस क्रम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) सह चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन ओ. पी. यादव ने बैगा रिजॉर्ट, शिवतराई से केंवची मार्ग सहित विभिन्न वन विश्राम गृहों एवं बैरियर पॉइंट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) प्रियंका पाण्डेय, उप संचालक दिनेश कुमार पटेल, अचानकमार टाइगर रिजर्व, सहायक संचालक (बफर), सहायक संचालक (कोर), सभी वन परिक्षेत्र अधिकारी एवं फील्ड अमला मौजूद रहा। PCCF ओ. पी. यादव ने दौरे के दौरान जंगल क्षेत्रों में वन्यजीवों की सुरक्षा और निगरानी प्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों तथा मैदानी स्टाफ को निर्देशित किया कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने वन क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन करते हुए सुरक्षा इंतजाम को लगातार बेहतर बनाने और ग्राउंड लेवल पर सतर्कता के साथ ड्यूटी करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन ने संबंधित जगहों पर उपलब्ध सुविधाओं, फॉरेस्ट रोड तथा रपटा-पुलिया के निर्माण और मेंटेनेंस कार्यों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने अलग-अलग कार्यों की प्रगति और वर्तमान हालात का अवलोकन कर जरूरी सुधार और व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। वन क्षेत्रों में आवाजाही एवं फील्ड पेट्रोलिंग को सुचारू बनाए रखने के लिए सड़कों और जरूरी बुनियादी संरचनाओं के समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।






