पटाखा दुकानों के लिए लोकोत्सव मैदान तय, पुराना गंज में कुम्हार व्यापारियों को मिलेगा स्थान

भाटापारा। आगामी दीपावली पर्व को लेकर नगर पालिका परिषद भाटापारा कार्यालय में पटाखा व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीपावली के दौरान पटाखा दुकानों की व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

पटाखा व्यापारियों के सुझावों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से इस वर्ष पटाखा दुकानों को लोकोत्सव मैदान में लगाए जाने का निर्णय लिया गया। प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थित बाजार को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था तय की गई है।

वहीं, पुराना गंज स्थित उस स्थान, जहां पूर्व में पटाखा दुकानें लगाई जाती थीं, उसे प्रशासन की मंशा के अनुरूप कुम्हार व्यापार से जुड़े लोगों को उनके व्यवसाय के लिए उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। इससे दीपावली के अवसर पर स्थानीय छोटे व्यापारियों और कुम्हार समाज से जुड़े लोगों को अपना व्यवसाय करने का बेहतर अवसर मिलेगा।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा,एसडीएम श्यामा पटेल, तहसीलदार यशवंत राज एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिव कुमार यादव सहित संबंधित अधिकारी और पटाखा व्यापारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान दीपावली पर्व को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।

Hot Topics

Related Articles