लैपटॉप, पीतल के बर्तन व नकदी सहित ₹28 हजार का चोरी का सामान बरामद, दो फरार आरोपियों की तलाश जारी
बलौदाबाजार। जिले में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लवन पुलिस ने ग्राम मरदा में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से HP कंपनी का लैपटॉप, दो नग पीतल के हवला (गुंडी), ₹2,000 नकद तथा घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। बरामद चोरी के सामान की कुल कीमत करीब ₹28,000 बताई गई है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा श्री गौरव राय (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन में जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना लवन पुलिस को ग्राम मरदा में हुई चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली।
घटना का विवरण: ग्राम मरदा निवासी सुनील कुमार जांगड़े (29 वर्ष) ने थाना लवन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह काम के सिलसिले में रायगढ़ गया हुआ था और उसके घर में ताला लगा था। 28 सितंबर 2026 को वापस लौटने पर उसने देखा कि अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे, अलमारी एवं बक्से का ताला तोड़कर घर में रखे HP कंपनी के लैपटॉप, सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन, घरेलू सामान एवं नकदी सहित करीब ₹1.83 लाख का सामान चोरी कर लिया है। रिपोर्ट पर थाना लवन में अपराध क्रमांक 335/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस की कार्रवाई: विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कोयदा निवासी रुपेश कुमार साहू (35 वर्ष) और मोती यादव (32 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करना तथा चोरी के सामान एवं जेवरात को आपस में बांटकर बेचने की बात स्वीकार की।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके कब्जे से 01 HP लैपटॉप, बिक्री रकम में से बचे ₹2,000 नकद, 02 नग पीतल के हवला (गुंडी) तथा चोरी में इस्तेमाल किए गए सब्बल, चिमटा एवं चटवा बरामद कर विधिवत जब्त किया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से कुल ₹28,000 मूल्य का चोरी का सामान बरामद हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रुपेश कुमार साहू पिता उड़न प्रसाद साहू, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम कोयदा, थाना लवन तथा मोती यादव पिता मानसराम (मानसाय) यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम कोयदा, थाना लवन के रूप में हुई है।
प्रकरण में पुलिस द्वारा BNS की धारा 331(4), 305(a), 61(2), 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को 7 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।






