भाटापारा। रावणभाटा मैदान में आयोजित होने वाले दशहरा उत्सव की तैयारियों का नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। इस वर्ष दशहरा उत्सव को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के पुतलों का भी दहन होगा।

रावण दहन से पूर्व भव्य संगीतमय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आमजन एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी आनंद ले सकेंगे। वहीं करीब एक घंटे तक होने वाली भव्य आतिशबाजी दशहरा उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने आयोजन स्थल, मंच, सुरक्षा व्यवस्था, दर्शकों की सुविधाओं सहित विभिन्न तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने आतिशबाजी टीम, पुतला निर्माण टीम, रामलीला मंडली एवं नगरपालिका के संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि दशहरा उत्सव श्रद्धा, उल्लास और सुरक्षित वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एवं दर्शकों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
दशहरा उत्सव के माध्यम से अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया जाएगा। नगरवासियों से उत्साह और आस्था के साथ पर्व में शामिल होने की अपील की गई है।






