रतनपुर में मंदिर के अंदर गुंडागर्दी: नवरात्रि में रसीद काटने को लेकर सेवक से डंडे से मारपीट, जान से मारने की धमकी

कमलकांत पाटनवार 

बिलासपुर/रतनपुर 

रतनपुर क्षेत्र के गिरजाबंद हनुमान मंदिर में नवरात्रि के दौरान ज्योति कलश की रसीद काटने को लेकर मंदिर के सेवक से मारपीट का मामला सामने आया है। जोरापारा अरविंद नगर चौबे कालोनी निवासी केशव शर्मा (43) ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह पिछले दो वर्षों से मंदिर में सेवक के रूप में कार्य कर रहा है।

बुधवार की दोपहर करीब 12.20 बजे वह मंदिर में ज्योति कलश की रसीद काट रहा था। इसी दौरान ग्राम देवरीकला निवासी ओमकेश तिवारी अपने साथी राकेश शर्मा और अमन दूबे के साथ वहां पहुंचे। तीनों ने उसे रसीद काटने वाला कौन होता है कहते हुए मंदिर से चले जाने को कहा।

केशव ने बताया कि वह मैनेजर के कहने पर रसीद काट रहा है, इसलिए क्यों जाए। इस बात पर तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि ओमकेश ने डंडे से, जबकि राकेश और अमन ने हाथ-झापड़ से उसकी पिटाई कर दी।

मारपीट में दोनों कंधे, सीना, पीठ, बायां कान और दाहिनी कलाई में चोट आई है। आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के दौरान मंदिर के मैनेजर विवेक कश्यप, पुजारी गजेंद्र दूबे सहित अन्य लोग मौजूद थे। रतनपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Hot Topics

Related Articles