मुंगेली में नवरात्रि की धूम 11 से 20 अक्टूबर तक होंगे धार्मिक आयोजन, सज रहे पंडाल

संदीप यादव मुंगेली। शारदीय नवरात्रि के लिए नगर में धार्मिक उत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रमुख देवी मंदिरों से लेकर विभिन्न चौक-चौराहों पर बनने वाले दुर्गा पंडालों तक उत्साह का माहौल है।

आदिशक्ति महामाया मंदिर, प्राचीन माँ महामाया मंदिर दाऊपारा, माँ महामाया सोनारपारा, महामाया मंदिर मल्हापारा, शक्ति माई मंदिर, हथनी कला मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में पर्व की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नवरात्रि के नौ दिनों तक देवी मंदिरों में मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित होंगे। इसके लिए श्रद्धालुओं द्वारा पंजीयन कराया जा रहा है। मंदिर परिसरों में साफ-सफाई, रंग-रोगन, विद्युत सज्जा और पूजा-अर्चना से जुड़ी तैयारियां चल रही हैं।

पर्व के दौरान सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। महामाया मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए दर्शन और पूजा व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंदिर समिति ने बताया कि नवरात्रि में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माँ के विभिन्न स्वरूपों का दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। शाम को सेवा मंडली द्वारा देवी गीतों की प्रस्तुति भी दी जाएगी।


नगर के विभिन्न हिस्सों में सार्वजनिक दुर्गा पूजा की तैयारियां भी जोर पकड़ चुकी हैं। माँ सर्वेश्वरी दुर्गा समिति पुराना बस स्टैंड, जागृति दुर्गा समिति बस स्टैंड चौक, बड़ाबाजार चौक, दाऊपारा चौक, पाठक पारा, सोनार पारा, पड़ाव चौक, अस्थाई बस स्टैंड चौक, राम मलाई घाट चौक और राधाकृष्ण मंदिर, बालानी चौक रायपुर रोड, दुर्गा मंदिर खर्राघाट, पंडरिया रोड, शक्ति मंदिर हथनीकला सहित कई स्थानों पर दुर्गा प्रतिमा स्थापना और पंडाल सजाने की तैयारियां चल रही हैं। पूजा समितियों और मंदिर समितियों ने श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने तथा पर्व के दौरान व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की है।

Hot Topics

Related Articles