सरगुजा ओलंपिक का भव्य समापन, विजेता खिलाड़ियों को किया गया पुरस्कृत

जियाउल खान ,लखनपुर /सरगुजा ।


  • तीन दिवसीय आयोजन में 15 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, मंत्री राजेश अग्रवाल ने आत्मानंद विद्यालय में मंच और शेड निर्माण की घोषणा की

लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड में 8 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित तीन दिवसीय सरगुजा ओलंपिक का शनिवार को स्थानीय स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल तथा लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

आयोजन में आसपास के क्षेत्रों से 15 हजार से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने की जानकारी दी गई। विकासखंड स्तरीय इस खेल महोत्सव में स्कूली बच्चों के साथ सीनियर एवं जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में खो-खो, कबड्डी, गोला फेंक, रस्साकशी, फुटबॉल और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल शामिल रहे। खास बात यह रही कि बच्चों के साथ ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने भी खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

समापन समारोह की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी एवं मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास : प्रबोध मिंज

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि जीवन में खेलों का महत्वपूर्ण स्थान है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करने का प्रयास कर रही है।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने सरकार प्रतिबद्ध : राजेश अग्रवाल

कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सार्थक पहल कर रही है। बस्तर ओलंपिक के बाद सरगुजा ओलंपिक का आयोजन भी इसी प्रयास का हिस्सा है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने और प्रदेश व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

मंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही स्थानीय आत्मानंद विद्यालय परिसर में मंच एवं ऊपर शेड निर्माण कराने की घोषणा भी की।

प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों का सम्मान

तीन दिवसीय प्रतियोगिताओं के समापन पर विभिन्न खेलों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस आयोजन को ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश साहू, राजेंद्र जायसवाल, दिनेश बारी, रवि महंत, शशि कला सिंह, राकेश साहू,सुरेश जायसवाल विक्रम सिंह, सचिन अग्रवाल, यतेंद्र पांडेय, कामेश्वर राजवाड़े, नीतू, धर्मेंद्र झरिया

लखनपुर तहसीलदार अमन चतुर्वेदी, बीईओ देव कुमार गुप्ता,जनपद सीईओ खुशबू शास्त्री अरविंद गुप्ता, मनीष वर्मा और शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। तीन दिनों तक चले इस खेल महोत्सव का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।

Hot Topics

Related Articles