गुरुग्राम: यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम पुलिस ने हिरासत से रिहा कर दिया है। पुलिस ने उन्हें शनिवार देर रात 3 बजे छोड़ा। इससे पहले शनिवार सुबह 5 बजे उन्हें सेक्टर 56 स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया था। ध्रुव राठी को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले सीजेपी प्रोटेस्ट में लोगों को वीडियो के माध्यम से बुलाने के मामले में हिरासत में लिया गया था। गुरुग्राम पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन में शामिल न होने की हिदायत देकर छोड़ दिया है।यूट्यूबर ध्रुव राठी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली आए थे।
इससे पहले शुक्रवार को ध्रुव राठी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया था कि सीजेपी के 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन से पहले दिल्ली में लगभग लॉकडाउन जैसी स्थिति बना दी गई है। शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में ध्रुव राठी ने विरोध प्रदर्शन से पहले राजधानी दिल्ली में लगाई गई भारी सुरक्षा और परिवहन पाबंदियों पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि मेट्रो स्टेशनों को बंद किया गया है, ट्रेनें रद्द की गई हैं और मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।






