नवापारा की छात्रा करेंगी रायपुर संभाग का प्रतिनिधित्व, खेलप्रेमियों में हर्ष
नवापारा/सिमगा। स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सिमगा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नवापारा की कक्षा आठवीं की छात्रा साक्षी निषाद का चयन हुआ है। इस उपलब्धि से क्षेत्र के खेलप्रेमियों, विद्यालय परिवार और ग्रामवासियों में हर्ष का माहौल है। साक्षी प्रतियोगिता में रायपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगी।
नवापारा निवासी लोकेश निषाद की पुत्री साक्षी अपनी प्रतिभा के दम पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाने में सफल रही हैं। विद्यालय के व्यायाम शिक्षक वीरेंद्र पटेल ने बताया कि यह प्रतियोगिता 13 से 16 नवंबर तक कबीरधाम में आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के पांचों संभागों के 14 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 200 बालक-बालिकाएं हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
साक्षी के चयन पर ओलंपिक संघ बलौदाबाजार के सचिव आदित्य सिंह ठाकुर ने बधाई देते हुए कहा कि सिमगा विकासखंड का नवापारा गांव खेल गांव के रूप में उभर रहा है। क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ओलंपिक संघ हरसंभव सहयोग देने के लिए तत्पर है।
इस उपलब्धि पर सिमगा जनपद अध्यक्ष दौलतपाल, नवापारा सरपंच डोमार सिंह मारकंडे, पूर्व सरपंच भुवनेश्वर सिंह वर्मा, शिक्षक उत्तम कुमार साहू, सत्येंद्र कुमार चौबे, महेश शुक्ला और पार्षद सचिन जैन सहित समस्त ग्रामवासियों ने साक्षी को बधाई दी और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
साक्षी के चयन से क्षेत्र के अन्य खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है। ग्रामवासियों ने उम्मीद जताई कि साक्षी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नवापारा और रायपुर संभाग का नाम रोशन करेंगी।






